
रांची (आसिफ नईम).भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरों पर उनके एक करीबी ने अभी विराम लगा दिया है। नाम नहीं छापने की शर्त पर उन्होंने दैनिक भास्कर को बताया कि धोनी अभी संन्यास नहीं ले रहे हैं। उनके अंदर अभी बहुत क्रिकेट बाकी है और वह देश की सेवा अभी करते रहेंगे।
माही के दोस्त ने बताया कि 2020 में खेले जाने वाले आईपीएल और टी-20 वर्ल्ड के बाद ही धोनी संन्यास लेने पर विचार कर सकते हैं। वे कहते हैं कि बीसीसीआई भी नहीं चाहता है कि धोनी अभी संन्यास लें। धोनी अभी संन्यास ले लेंगे तो स्पॉन्सरशिप के साथ-साथ दर्शकों पर भी इसका खासा असर पड़ेगा। इसलिए धोनी अगले साल ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया में शामिल रहेंगे। वहीं धौनी के करीबी दोस्तों में एक मिहिर दिवाकर ने भी भास्कर से पुष्टि की कि धौनी अभी क्रिकेट खेलते रहेंगे।
मिहिर बताते हैं कि धोनी ने आईपीएल और वर्ल्ड कप टी-20 की तैयारी शुरू कर दी है। फिटनेस को लेकर वे हर दिन 4-5 घंटा पसीना बहा रहे हैं। मिहिर ने कहा कि धोनी ने संन्यास लेने के बारे में अभी तक सोचा नहीं है। जबकि हमेशा मीडिया और अन्य जगहों पर इसकी चर्चा बनी रहती है। हालांकि लंबे समय से धोनी क्रिकेट से दूर हैं। आईसीसी वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच खेलने के बाद धोनी फिलहाल टीम इंडिया से दूर हैं। इंग्लैंड में सेमीफाइनल मैच जुलाई 2019 में खेला गया था। इसके बाद टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी भारत आ गए थे।
धोनी कुछ दिनों तक भारत में रहने के बाद अमेरिका चले गए। यहां कुछ दिन अपने दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद इंडिया आए और शूटिंग में व्यस्त रहे, फिर लंदन गए। धोनी ने पिछले 28 दिन में सिर्फ एक दिन ग्राउंड में बैटिंग की। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची में 19 अक्टूबर से टेस्ट मैच खेला गया था। 20 अक्टूबर को रांची पहुंचे। 22 को टीम इंडिया के क्रिकेटरों से मिलने धोनी यहां के जेएससीए स्टेडियम पहुंचे। टीम इंडिया चौथे दिन ही टेस्ट मैच जीत गई। यहां से वे अपने सिमलिया स्थित फॉर्म हाउस चले गए।
23 से वे लगातार जेएससीए स्टेडियम में जाकर टेनिस खेलने लगे। इस दौरान कभी-कभी पूल-स्नूकर्स भी खेला। लेकिन क्रिकेट खेलते नहीं दिखे। हाल ही में यहां आयोजित टेनिस चैंपियनशिप में धोनी मेंस डबल्स में खेले। वे लगातार दूसरी बार इस टूर्नामेंट में चैंपियन बने। धौनी ने 14 नवंबर को जेएससीए ओवल में बनी नई प्रैक्टिस पिच का उद्घाटन भी किया। पिच के उद्घाटन करने के बाद उन्होंने बल्लेबाजी भी की। इससे पहले धोनी जब भी रांची में रहते थे तो क्रिकेट की प्रैक्टिस जरूर करते थे। पर इस बार दूर रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from RSSMix.com Mix ID 8289560 https://ift.tt/2qVgell
0 comments:
Post a Comment